मुगल शासक अकबर से जुड़ा नाम अब अकबरपुर नगर पालिका और रेलवे स्टेशन से हटाए जाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। नगर पालिका परिषद अकबरपुर की हालिया बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें इन स्थानों का नाम समाजवादी विचारक डॉ. राममनोहर लोहिया के नाम पर रखने की सहमति बनी।
शहर के प्रमुख स्थलों का होगा नया नामकरण
बोर्ड बैठक में शहर के प्रमुख स्थलों के नाम परिवर्तन और नए नामकरण से जुड़े प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक का सबसे अहम फैसला अकबरपुर नगर क्षेत्र का नाम बदलकर ‘लोहिया नगर’ करने से जुड़ा रहा। प्रशासन का उद्देश्य डॉ. राममनोहर लोहिया की जन्मस्थली से जुड़े शहर की ऐतिहासिक और वैचारिक पहचान को और सशक्त बनाना है। इसी क्रम में अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम भी डॉ. लोहिया के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
अयोध्या मार्ग प्रमुख चौराहे का रखा जाएगा ये नाम
इसके अलावा, नगर के संघतिया तिराहे को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम से नामित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, अयोध्या मार्ग पर स्थित एक प्रमुख चौराहे को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से विकसित करने की योजना को भी हरी झंडी दी गई। इन सभी चौराहों के नामकरण के साथ-साथ उनके सौंदर्यीकरण और आधुनिक विकास पर भी जोर दिया जाएगा।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि बोर्ड बैठक में पारित सभी प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। शासन से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद नाम परिवर्तन और विकास से जुड़े कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
यह भी पढ़ें : किश्तवाड़ में सेना का ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ जारी…मुठभेड़ में सेना के 8 जवान…



