अमेरिका के अगले राष्ट्रपति पद के लिए दो सबसे बड़े दावेदार कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रंप हैं। उनके विचार जितने अलग हैं, उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी उतनी ही अलग है। कमला हैरिस का जन्म दो अप्रवासियों के घर हुआ था, जबकि ट्रंप के दादा जर्मनी से भागकर अमेरिका आए थे। हालांकि, ट्रंप के पिता का जन्म न्यूयॉर्क में हुआ था।
रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की तीन बार शादी हो चुकी है और उनके कुल 5 बच्चे हैं। कमला हैरिस के अपने कोई बच्चे नहीं हैं, उन्होंने 2014 में डगलस एमहॉफ से शादी की, जिनकी पहली पत्नी से एक बेटा और एक बेटी है। यानी वे कमला हैरिस के सौतेले बच्चे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जब ट्रंप के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जेडी वेंस ने कमला हैरिस को बिना बच्चों वाली बिल्ली वाली महिला कहा था, तो हैरिस की सौतेली बेटी एला एमहॉफ ने सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में एक पोस्ट लिखी थी।
भारतीय-जमैका मूल की हैं कमला हैरिस
कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन भारतीय हैं, जबकि पिता डोनाल्ड हैरिस जमैका के हैं। श्यामला गोपालन 19 साल की उम्र में भारत के तमिलनाडु से अमेरिका चली गईं। जहां उनकी मुलाकात कमला हैरिस के पिता डोनाल्ड हैरिस से हुई। उस दौरान अमेरिका में अश्वेतों के अधिकारों की लड़ाई तेज हो रही थी। श्यामला और डोनाल्ड हैरिस इससे जुड़े विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों में हिस्सा लेते थे। उनकी दोस्ती और नजदीकियां जल्द ही प्यार में बदल गईं और फिर 1963 में उन्होंने शादी कर ली।
कमला हैरिस अपने माता-पिता की पहली संतान हैं, उनकी बहन माया उनसे 3 साल छोटी हैं। हालांकि, श्यामला गोपालन की शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली और पति-पत्नी के बीच मतभेदों के चलते शादी के करीब 9 साल बाद दोनों का तलाक हो गया। कमला हैरिस की मां ने हैरिस और उनकी बहन को सिंगल मदर के तौर पर पाला। अपने पालन-पोषण के दौरान वे कई बार कमला और माया को भारत लेकर आईं, कमला हैरिस ने चुनाव प्रचार के दौरान कई बार उन यादों का जिक्र किया है।
अश्वेतों के अधिकारों के लिए लड़ी लड़ाई
कमला हैरिस ने भी अपने माता-पिता की तरह अश्वेतों के अधिकारों की लड़ाई में हिस्सा लिया है। हावर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान कमला ने कई विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया, इतना ही नहीं, अपनी पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक अखबार के संपादक को हटाए जाने के खिलाफ धरना भी दिया।
कमला हैरिस ने राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन किया है और कानून की पढ़ाई की है। 2010 में वह कैलिफोर्निया राज्य की अटॉर्नी जनरल के पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत महिला बनीं। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा, स्टेट अटॉर्नी बनने के बाद वह अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में पहुंचीं।
कमला हैरिस ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी अपनी दावेदारी पेश की, लेकिन पार्टी उम्मीदवारों की बहस के दौरान उन्हें जो बिडेन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद कमला हैरिस ने राष्ट्रपति पद की दौड़ से अपना नाम वापस ले लिया। हालांकि, बाद में जो बिडेन ने कमला हैरिस को अपना उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना और इस तरह वह अमेरिका की पहली अश्वेत महिला उपराष्ट्रपति चुनी गईं।
अमीर परिवार में हुआ था डोनाल्ड ट्रंप का जन्म
डोनाल्ड ट्रंप का जन्म एक अमीर परिवार में हुआ था। हालांकि उनके दादा फ्रेडरिक जर्मनी से भागकर अमेरिका आ गए थे, लेकिन उन्होंने अलास्का में खनन व्यवसाय से खूब कमाई की। डोनाल्ड ट्रंप के पिता फ्रेड अपने माता-पिता की मंझली संतान थे। जब वे मात्र 13 वर्ष के थे, तब उनके पिता का निधन हो गया था। फ्रेड ने बहुत कम उम्र से ही पारिवारिक जिम्मेदारियां संभाल लीं और ट्रंप परिवार के व्यवसाय को खड़ा करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने अपनी मां एलिजाबेथ के नाम पर रियल एस्टेट का व्यवसाय शुरू किया, जो धीरे-धीरे फलने-फूलने लगा। जल्द ही वे न्यूयॉर्क के सबसे सफल युवा व्यवसायियों में से एक बन गए। 1936 में फ्रेड ने स्कॉटिश महिला मैरी ऐनी मैकलियोड से शादी की। उनके 5 बच्चों में से एक डोनाल्ड ट्रंप का जन्म 14 जून 1946 को हुआ। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रंप 8 साल की उम्र में ही करोड़पति बन गए थे। वे बचपन से ही अपने आक्रामक व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। ट्रंप के बारे में यहां तक कहा जाता है कि वे न केवल अपने सहपाठियों बल्कि अपने भाई-बहनों को भी धमकाते थे।
हालांकि ट्रंप के बड़े भाई फ्रेड का उनके जीवन में काफी प्रभाव रहा। अत्यधिक शराब पीने की वजह से उनके भाई की 43 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई, जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने शराब पीना छोड़ दिया।
3 शादियां और 5 बच्चे…ऐसा है ट्रंप परिवार
डोनाल्ड ट्रंप ने तीन बार शादी की है, मेलानिया ट्रंप उनकी तीसरी पत्नी हैं। इससे पहले वे इवाना ट्रंप और मार्ला मेपल्स से शादी कर चुके हैं। इवाना और डोनाल्ड ट्रंप के 3 बच्चे हैं, बेटी इवांका ट्रंप, 2 बेटे- डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और एरिक ट्रंप। मॉडल मार्ला मेपल्स से अफेयर के चलते ट्रंप की पहली पत्नी ने उन्हें तलाक दे दिया था।
जब ट्रंप ने मार्ला मेपल्स से शादी की थी, तब वे 7 महीने की गर्भवती थीं। मेपल्स ने ट्रंप की दूसरी बेटी और चौथे बच्चे टिफनी को जन्म दिया। दोनों की शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली और शादी के करीब 3 साल बाद ही उनका तलाक हो गया।
इसके बाद साल 2005 में ट्रंप ने मेलानिया से तीसरी शादी की, कहा जाता है कि ट्रंप ने मेलानिया को साल 2004 में मेट गाला के दौरान शादी के लिए प्रपोज किया था। मार्ला मेपल्स की तरह मेलानिया भी मॉडल रह चुकी हैं। दोनों का एक बेटा है जिसका नाम बैरन ट्रंप है। साल 2016 में जब ट्रंप पहली बार राष्ट्रपति चुनाव जीतकर व्हाइट हाउस पहुंचे तो उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप अमेरिका की फर्स्ट लेडी बनीं।
विवादों से घिरे रहे हैं डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप की निजी जिंदगी कई विवादों से घिरी रही है। उनकी छवि एक फ्लर्ट की रही है। डोनाल्ड ट्रंप पर एक पोर्न स्टार से संबंध रखने और कई महिलाओं का यौन शोषण करने का भी आरोप लग चुका है।
2020 में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद उन पर रिपब्लिकन समर्थकों को दंगा भड़काने का भी आरोप है। दरअसल, 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में जो बिडेन से हारने के बाद ट्रंप ने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाए थे। नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई भड़काऊ ट्वीट किए, उन्होंने अपने भाषण में चुनाव में धांधली का आरोप लगाया, जिसके बाद 6 जनवरी 2020 को एक भीड़ हथियारों के साथ अमेरिकी संसद में घुस गई।
कैपिटल हिल्स में ट्रंप समर्थकों ने खूब हंगामा किया, अमेरिका के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना थी। आज भी ट्रंप के विरोधी उन्हें इस हिंसा के लिए जिम्मेदार मानते हैं और यही वजह है कि डेमोक्रेटिक पार्टी लगातार ट्रंप पर बेलगाम सत्ता हासिल करने की चाहत रखने का आरोप लगाती है।



