Monday, February 9, 2026
Google search engine
HomeCurrent NewsDelhi-NCR में अचानक बदला मौसम, हल्की बारिश से बढ़ी ठंड, AQI अब...

Delhi-NCR में अचानक बदला मौसम, हल्की बारिश से बढ़ी ठंड, AQI अब भी गंभीर

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड और बढ़ गई। बारिश के बाद उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही शीतल हवाओं ने शीतलहर का असर और तेज कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश से प्रदूषण में कुछ कमी आने की उम्मीद जरूर जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार बना हुआ है, जो ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में है।

दिल्ली-नोएडा के इन इलाकों में हुई बारिश

सुबह-सुबह दिल्ली के साकेत, मयूर विहार, लक्ष्मी नगर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं नोएडा के सेक्टर-62, सेक्टर-18, सेक्टर-12 सहित आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को सर्दी का ज्यादा अहसास हुआ।

IMD ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। 8 जनवरी को दिल्ली में सीजन का सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड किया गया, जब सफदरजंग में तापमान 5.8 डिग्री और लोधी रोड पर 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

गुरुग्राम में भी अचानक बारिश

शीतलहर के बीच दिल्ली के अलावा गुरुग्राम में भी शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई। खास बात यह रही कि मौसम विभाग ने गुरुग्राम में बारिश का अनुमान नहीं जताया था। अचानक हुई बारिश ने ठंड और बढ़ा दी, जिससे लोग सुबह-सुबह ठिठुरते नजर आए।

IMD ने दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश और उत्तर व मध्य भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। 9 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बने रहने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और उत्तरी कर्नाटक के कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है।

दिल्ली में कहां कितना AQI

बारिश के बावजूद राजधानी में प्रदूषण का स्तर अभी भी चिंताजनक बना हुआ है। शुक्रवार सुबह विभिन्न इलाकों में AQI इस प्रकार दर्ज किया गया- पूसा – 325, आरके पुरम – 373, रोहिणी – 330, सैदपुर – 292, सोनिया विहार – 311, अलीपुर – 282, आनंद विहार – 378, अशोक विहार – 325, बवाना – 254, चांदनी चौक – 329, मथुरा रोड – 289, द्वारका सेक्टर-8 – 338, IGI एयरपोर्ट – 242, लोधी रोड – 278, मुंडका – 320, नरेला – 286, नेहरू नगर – 385, नॉर्थ कैंपस, डीयू – 276, ओखला फेज-2 – 366

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

IMD ने तमिलनाडु और केरल के लिए भी चेतावनी जारी की है। 9 जनवरी को तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं केरल में 10 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments