Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeCurrent NewsUttar Pradesh को राहत, दिल्ली में आफत! 4 राज्यों में बारिश का...

Uttar Pradesh को राहत, दिल्ली में आफत! 4 राज्यों में बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में इन दिनों ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे व शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज (6 जनवरी) हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में बारिश और हिमपात की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, रोहतांग, किन्नौर और मनाली के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और हिमपात के आसार हैं। वहीं उत्तराखंड के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में भी आज बारिश या बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा तमिलनाडु में भी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठिठुरन

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का सितम लगातार जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज से शीतलहर और घने कोहरे का असर और बढ़ सकता है। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप निकलने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और देर रात कोहरे के चलते दृश्यता कम रह सकती है।

उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर, येलो अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक घना कोहरा बना रहेगा। हालांकि राहत की बात यह है कि अगले 48 घंटों में कुछ जिलों में लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सुबह घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी के इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, बांदा और झांसी में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ में भी कोहरे का येलो अलर्ट जारी है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिहार में कोल्ड डे का खतरा

पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब बिहार में भी दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार तक बिहार में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही घने कोहरे का प्रभाव भी जारी रहेगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के चलते ठंड और बढ़ने की संभावना है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान छपरा में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। घने कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात पर भी असर पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments