लुधियाना नगर निगम अब पूरी तरह डिजिटल सिस्टम की ओर बढ़ रहा है। निगम ने अपने लगभग सभी प्रशासनिक काम ऑनलाइन कर दिए हैं और अब पार्षदों को भी हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सभी पार्षदों को Apple iPad दिए जाएंगे, ताकि वे निगम से जुड़े सभी कार्य, प्रस्ताव, वोटिंग और जन शिकायतें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ही कर सकें।
नगर निगम हाउस ने हाल में बैठक कर 132 टैबलेट खरीदने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। इनमें iPad और एंड्रॉयड टैबलेट दोनों विकल्प रखे गए हैं, हालांकि अधिकतर पार्षदों और अफसरों ने iPad को प्राथमिकता दी है।
ई-निगम पोर्टल से जुड़ेगा हर पार्षद
निगम प्रशासन ने बताया कि हर पार्षद का व्यक्तिगत लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाया जाएगा, जिससे वे ई-निगम पोर्टल पर सीधे लॉगिन कर सकेंगे। इसके जरिए पार्षद अपने वार्ड की शिकायतें, प्रोजेक्ट, बैठकों की कार्यवाही और प्रस्तावों पर वोटिंग कर सकेंगे।
जनरल हाउस की पूरी कार्यवाही अब पेपरलेस होगी। एजेंडा, प्रस्ताव, नोटिस और फाइलें अब कागज पर नहीं, बल्कि iPad के जरिए पार्षदों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
“ई-निगम सेवाओं के लिए हाईटेक होना जरूरी”- कमिश्नर
नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने कहा कि ई-निगम सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए पार्षदों का डिजिटल सिस्टम से जुड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि iPad मिलने के बाद पार्षदों और अधिकारियों के बीच संवाद आसान होगा और जनता की शिकायतों का निपटारा तेजी से हो सकेगा।



