प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचे, जहां उन्हें 21 तोपों की सलामी देकर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के विमान को सऊदी अरब के रॉयल एयर फोर्स के F-15 फाइटर जेट्स ने सऊदी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते हुए विशेष सम्मान के तौर पर एस्कॉर्ट किया, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती रक्षा सहयोग का प्रतीक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दो दिन का दौरा है, जो सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर हुआ है। पीएम मोदी का सऊदी अरब का यह तीसरा दौरा है और पहली बार वे जेद्दाह शहर में आए हैं। इससे पहले वह 2016 और 2019 में सऊदी अरब गए थे।
दौरे के दौरान मोदी और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे, जो 2019 में स्थापित हुई थी और जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है।



