Wednesday, February 11, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsअंगदान के चलते हरियाणा में नंबर वन बनी परवाज-एक उड़ान संस्था, कैबिनेट...

अंगदान के चलते हरियाणा में नंबर वन बनी परवाज-एक उड़ान संस्था, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दिया अवार्ड आफ एक्सीलेंस

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने अंगदान के क्षेत्र में अनुकरणीय सेवा करने तथा हरियाणा राज्य के सभी जिलों में जिला जींद को शीर्ष स्थान दिलाने के लिए राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एसओटीटीओ) द्वारा जारी “उत्कृष्टता पुरस्कार” से “परवाज़-एक उड़ान” को सम्मानित किया। हरियाणा में एक एचसीएस अधिकारी रहते हुए जगदीप ढांडा ने सबसे पहले अपने और अपनी पत्नी के अंगदान किए। इसके बाद अपने दोस्तों को उन्होंने परवाज एक उड़ान संस्था के साथ जोड़ा। एक-एक के बाद 27 दोस्तों ने मिलकर अपने और अपनी पत्नियों के अंगदान किए। ढांडा की कोशिशों के चलते उनके अपने जींद और नरवाना जिले में अब तक 450 लोग अपने अंगदान करने का रजिस्ट्रेशन चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से 250 लोग अंगदान का रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। अंगदान करने वाली संस्थाओं में परवाज एक उड़ान किसी समय 16वें स्थान पर थी। वह आज अंगदान के मामले में हरियाणा में नंबर वन बन चुकी है। अंगदान के अलावा परवाज एक उड़ान संस्था की ओर से कई अन्य सामाजिक कार्य भी किए जाते हैं। इनमें वह 550 बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार सुविधा देने का कार्य कर रही है। इनमें बच्चों की स्कूल फीस के अलावा कपड़े और अन्य जरूरतें शामिल हैं। संस्था की ओर से एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत अब तक वह 25 हजार पौधे लगा चुके हैं। पौधा रोपण के लिए संस्था की ओर से स्कूली बच्चों का भी सहयोग लिया जाता है। साथ ही संस्था की ओर से हर वर्ष संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाता है।

हाल ही में संस्था की ओर से नरवाना में एक संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा से लगभग 45 गायक-गायिकाओं ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। ‘तुमसे मिलकर न जाने क्यूं’ नामक यह संगीतमयी कार्यक्रम नरवाना के नेहरू पार्क के सामने ग्रीन लैंड बैंक्वेट में हुआ जिसे पृथ्वी विधाकुल, द मोहन विलास, अम्बाला व परवाज़-एक उड़ान नरवाना ने संयुक्त रूप से आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शिरक्त की। कार्यक्रम के आयोजक जगदीप ढांडा, दी मोहन विलास अम्बाला के एमडी अश्विन ग्रोवर व परवाज-एक उड़ान के अध्यक्ष मनमोहन मित्तल ने कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यातिथि सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के आयोजक जगदीप ढांडा, अश्विन ग्रोवर व मनमोहन मित्तल ने बताया कि अध्यक्ष के रूप में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा के अलावा श्रीश्री 1008 तपोनिष्ट अग्रिहोत्री संपूर्णानंद ब्रह्मचारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल भी मौजूद रहे। परवाज-एक उड़ान की तरफ से सभी कलाकारों प्रमाण पत्र व उपहार एवं मुख्यातिथ व विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेट किए गए।

‘परवाज-एक उड़ान’ संस्था कर रही सराहनीय कार्य : कृष्ण बेदी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा की जानी-मानी समाजसेवी सस्था परवाज-एक उड़ान की ओर से किए जा रहे पौैधारोपण कार्यक्रम के साथ-साथ समाज सेवा में जो अंगदान के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है वह सराहनीय है। संस्था द्वारा जरूरतमंद छात्रों की आर्थिक मदद करना, स्वच्छता अभियान, स्वतंत्रता और गणतंत्र दिवस पर शहीद परिवारों को सम्मानित करना, योग शिविर, जरूरतमंद लोगों को वस्त्र व जूते वितरित करना व संगीतमय कार्यक्रम करना आदि संस्था के नाम को सार्थक करते है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments