Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedमनोहर और नायब की जोड़ी ने कर दिया कमाल, दिल्ली में कमल...

मनोहर और नायब की जोड़ी ने कर दिया कमाल, दिल्ली में कमल खिलाने में गुरु-चेले ने निभाई अहम भूमिका

चंद्रशेखर धरणी : राजनीति के इतिहास में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का रिकॉर्ड बनाने वाली गुरु-शिष्य यानि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जोड़ी ने दिल्ली के चुनाव में भी कमाल कर दिया। 27 साल के लंबे अतराल के बाद भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल किया। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत में हरियाणा के नेताओं का भी बड़ा प्रभाव रहा है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से हरियाणा के प्रमुख नेताओं को दिल्ली चुनाव प्रचार में उतारा गया था। इसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कईं मंत्री और नेता शामिल थे। दिल्ली के चुनावी प्रचार में उतरे हरियाणा भाजपा के हर नेता ने दिल्ली में पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरा जोर लगा दिया था।

मनोहर लाल ने इस मिशन को पूरा करने के लिए जहां रणनीतिक बैठकें की, वहीं नायब सैनी सिर पर यमुना के पानी का मटका लेकर लोगों के बीच गए। दोनों दिग्गजों की जोड़ी ने दिल्ली में करीब दो दर्जन विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया, जहां भाजपा उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया है। हरियाणा से सटे होने की वजह से दिल्ली की करीब 32 से ज्यादा सीटों पर हरियाणा के नेताओं को प्रभाव है।

नायब सैनी का दिल्ली चुनाव में स्ट्राइक रेट

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई। नायब सैनी ने दिल्ली की 11 विधानसभा सीटों पर जमकर प्रचार किया था। इसमें सुल्तानपुर माजरा, मुंडका, नांगलोई जाट, सीलमपुर, रिठाला, जंगपुरा, तिमारपुर, बवाना, ग्रेटर कैलाश सदर बाजार और शकूरबस्ती विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इस दौरान उन्होंने बहुत सी रैलियां और जनसभाएं की। दिल्ली चुनाव में सीएम सैनी का स्ट्राइक रेट 70 प्रतिशत से ज्यादा का रहा है। नायब सैनी ने जिन 11 सीटों पर प्रचार किया, उसमें से बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की है।

मनोहर लाल खट्टर का स्ट्राइक रेट बेहतर

सीएम सैनी के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी दिल्ली चुनाव में बीजेपी के स्टार प्रचारक रहे थे। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 9 सीटों पर जोर-शोर से प्रचार किया था। इसमें शाहदरा, महरौली, आरके पुरम, मोती नगर, कृष्णा नगर, नई दिल्ली, तिलक नगर, राजौरी गार्डन और रोहिणी की सीट शामिल हैं। इस दौरान दिल्ली चुनाव में खट्टर का स्ट्राइक रेट 90 प्रतिशत रहा। बीजेपी ने इन 9 सीटों में से 8 पर जीत हासिल की है।

यमुना के मुद्दे पर सैनी ज्यादा असरदार

दिल्ली चुनाव में सीएम नायब सैनी का स्ट्राइक रेट मनोहर लाल खट्टर से कम है, लेकिन कई बड़े मुद्दों पर सैनी ने आप सरकार को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। इसमें यमुना का मुद्दा सबसे अहम रहा है। चुनाव से पहले दिल्ली सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से बीजेपी पर आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार यमुना में जहर मिला रही है। सीएम सैनी ने आरोपों को हर तरह से खारिज किया। इसके लिए उन्होंने खुद पल्ला घाट पर जाकर यमुना नदी का पानी भी पिया। इसका असर दिल्ली चुनाव में साफ तौर पर देखने को मिला है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments