Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsलॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को NIA ने दिल्ली एयरपोर्ट से...

लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को NIA ने दिल्ली एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई एक बार फिर सुर्खियों में है। इसे अमेरिका से भारत लाया गया है। बता दें कि अनमोल पर देशभर में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रचने से लेकर अभिनेता सलमान खान के घर पर गोलीबारी कराने तक के आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी को जांच एजेंसियां बड़ी सफलता मान रही हैं, जिससे कई हाईप्रोफाइल केसों की जांच को नई दिशा मिल सकती है।

कौन है अनमोल बिश्नोई?

अनमोल बिश्नोई कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है, जो पिछले कई वर्षों से देश और विदेश में सक्रिय अपराधी नेटवर्क का हिस्सा रहा है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मुंबई पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ 18 से अधिक केस दर्ज हैं। पुलिस की बढ़ती कार्रवाई के चलते वह फर्जी पासपोर्ट के सहारे भारत से भाग गया था और लंबे समय तक विदेशों में छिपा रहा।

बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश

मुंबई के पूर्व मंत्री और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश में भी अनमोल बिश्नोई का नाम सामने आया था। यह हमला मुंबई में उनके बेटे के दफ्तर के बाहर हुआ था। पकड़े गए शूटरों ने पूछताछ में खुलासा किया कि अनमोल ने इस साजिश को रचा था। अब भारतीय एजेंसियां उसके भारत लौटने के बाद इस केस में नई जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही हैं।

सलमान खान के घर गोलीबारी की जिम्मेदारी

अप्रैल 2025 में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी अनमोल ने सोशल मीडिया पर ली थी। दो बाइक सवार शूटरों ने तड़के फायरिंग की थी, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि अनमोल ने इस हमले की योजना विदेश से बनाई थी।

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में भी नाम

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रचने का आरोप भी अनमोल बिश्नोई पर है। 2023 में जांच एजेंसियों ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। मूसेवाला को गोलियों से छलनी करने के बाद अनमोल और गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पर इस मर्डर की जिम्मेदारी ली थी।

अमेरिका में ऐसे हुआ अनमोल का पर्दाफाश

अनमोल को अमेरिका के लॉस एंजेलिस (कैलिफोर्निया) से पकड़ा गया। यूएस इमिग्रेशन विभाग ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स की जांच कर रहा था, तभी ‘भानू’ नाम के पासपोर्ट पर शक हुआ। वीजा और कंपनी रेफरेंस लेटर की जांच के बाद पता चला कि यह पहचान फर्जी है और असली शख्स अनमोल बिश्नोई है। इसके बाद एफबीआई और भारतीय एजेंसियों के सहयोग से उसे हिरासत में ले लिया गया।

अनमोल पर दर्ज आपराधिक मामले

अनमोल बिश्नोई पर 32 से ज्यादा केस दर्ज हैं, जिनमें से 20 राजस्थान पुलिस ने दर्ज किए हैं। 2022 में NIA ने उस पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत केस दर्ज किया था। उस पर क्राइम सिंडिकेट चलाने, रंगदारी वसूलने और टारगेट किलिंग की साजिश रचने के आरोप हैं। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अनमोल पहले जोधपुर जेल में सजा काट चुका है और 7 अक्टूबर 2021 को रिहा हुआ था। मुंबई क्राइम ब्रांच ने उस पर लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments