Monday, February 9, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsदिल्ली का मौसम उलझन में! कभी धूप, कभी बारिश… जानें आज कैसा...

दिल्ली का मौसम उलझन में! कभी धूप, कभी बारिश… जानें आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। कई दिनों की धूप के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। कई इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 20 फरवरी को कई स्थानों पर बारिश होगी। अगले 48 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी

दिल्ली-एनसीआर में बीती रात से ही बारिश हो रही है, जो आज रात तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12-14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य औसत से 0.6 डिग्री कम था।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर

उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखा जा रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने दिन में बादल और धूप के मिश्रण का अनुमान लगाया है, जबकि देर रात तक मौसम साफ हो सकता है।

बिहार में भी ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। 23 फरवरी तक राज्य में हल्की बारिश जारी रहेगी, जबकि 24 फरवरी से तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

राजस्थान में येलो अलर्ट जारी

राजस्थान में भी पिछले दो दिनों से मौसम में अचानक बदलाव देखा गया है। राज्य के कई जिलों में बारिश हो रही है और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह सिलसिला आज और कल भी जारी रहेगा। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, झुंझुनू, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, नागौर और श्रीगंगानगर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में 20 और 21 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कुछ इलाकों में बादल छाए रहने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई स्थानों पर तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी हिस्सों में 23 फरवरी को बारिश की संभावना है। झारखंड में 20, 22 और 23 फरवरी को वर्षा हो सकती है, जबकि ओडिशा में 23 फरवरी तक बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश में 25 फरवरी को बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम और दार्जिलिंग में अगले सात दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments