Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeCurrent NewsKarnataka: चित्रदुर्ग में भीषण सड़क हादसा, स्लीपर बस–ट्रक टक्कर के बाद लगी...

Karnataka: चित्रदुर्ग में भीषण सड़क हादसा, स्लीपर बस–ट्रक टक्कर के बाद लगी आग, 12 से ज्यादा लोगों की मौत

कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हिरियूर तालुका के गोरलट्टू इलाके में एक निजी स्लीपर बस और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में 12 से अधिक यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

आधी रात को हुआ भीषण हादसा

पुलिस के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे हुआ। निजी स्लीपर बस बेंगलुरु से गोकार्णा जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में बस और ट्रक आग की चपेट में आ गए।

आग में घिरी बस, अंदर फंसे यात्री

टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई। बस में सवार कई यात्री गहरी नींद में थे और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा भी पूरी तरह जल गया और ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बस में थे 32 यात्री

जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 32 लोग सवार थे। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

राहत और बचाव कार्य

हादसे की जानकारी मिलते ही डीएसपी शिवकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की।

बस कंडक्टर ने सुनाई आपबीती

हादसे में घायल बस कंडक्टर मोहम्मद सलीम ने बताया, “मैं उस समय सो रहा था। अचानक जोरदार आवाज आई, खिड़की का शीशा टूट गया और मैं बस से बाहर गिर गया। इसके बाद क्या हुआ, मुझे कुछ याद नहीं। होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया। मेरे हाथ और पैर में चोट लगी है।”

घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल यात्रियों को पहले चित्रदुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। इस भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments