Monday, February 9, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsकबड्डी महाकुंभ: CM सैनी ने किया हॉकी एस्ट्रो टर्फ का एलान

कबड्डी महाकुंभ: CM सैनी ने किया हॉकी एस्ट्रो टर्फ का एलान

एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अम्बाला जिला के गांव बड़ागढ़ में आयोजित हरियाणा कबड्डी खेल महाकुम्भ कार्यक्रम में घोषणा करते हुए खेल स्टेडियम बड़ागढ में 14 करोड़ रूपए की लागत से हॉकी का एस्ट्रो ट्रफ बनाया जाएगा तथा खेल के मैदान में फलड लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, गांव लाहा तथा गांव बिचपड़ी में स्थित खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कबड्डी महाकुंभ में पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कबड्डी केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि दिमाग का खेल भी है। खिलाड़ियों के दमखम पर भारत आज ओलम्पिक व अन्य अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों का सर्वाधिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हरियाणा के ऐसे 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित भी किया गया है। इनमें से एक खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड, 10 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड तथा 1 कोच को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

बॉलीवुड की पसंद बना हरियाणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कबड्डी, कुश्ती और मुक्केबाजी जैसे परम्परागत खेलों का गढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने पदक जीत कर न केवल हरियाणा का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अब तो हरियाणा खेलों के दम पर बॉलीवुड की भी पसंद बन गया है। दंगल और सुलतान जैसी फिल्में हरियाणा के पुरुष और महिला खिलाड़ियों का गौरव गान करती हैं।

खेलों में हरियाणा ने किया श्रेष्ठ प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि हरियाणा ने सदा ही खेल के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में देश द्वारा जीते गये 6 पदकों में से 5 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। इससे पहले, टोक्यो ओलंपिक 2020 में हरियाणा के 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें भारत द्वारा जीते गए 7 पदकों में से 4 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए। यही नहीं, एशियाई खेलों में भी प्रदेश का प्रदर्शन बड़ा ही सराहनीय रहा है। एशियाई खेल-2022 में, राज्य के 82 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें देश के 111 पदकों में से 28 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। इसी प्रकार, राष्ट्रमंडल खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 के दौरान हरियाणा के 43 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 20 पदक जीते।

खिलाड़ियों को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए बनाए नियम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा की राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 बनाये हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाए गए है। इसके अलावा, 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक नकद पुरस्कार देता है। हमने अब तक खिलाड़ियों को 593 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298 खिलाड़ियों को मानदेय भी दिया जा रहा है।

खिलाड़ी का होगा 20 लाख का मेडिकल बीमा

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही खेल संस्कृति को देखते हुए हमने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और कल्याण के लिए अपने संकल्प पत्र -2024 में हर खिलाड़ी को 20 लाख रुपए का मेडिकल बीमा कवर देने का संकल्प लिया है। इसी प्रकार, राज्य स्तर पर प्रति वर्ष तीन सर्वश्रेष्ठ अखाड़ों को 50 लाख रुपये, 30 लाख रुपए व 20 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर भी तीन सर्वश्रेष्ठ अखाड़ों को 15 लाख, 10 लाख और 5 लाख रुपए की राशि दी जाएगी।

इन टीमों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने हरियाणा कबड्डी महाकुंभ में प्रथम स्थान पर रही हिसार, दूसरे स्थान पर रोहतक और तीसरे स्थान पर रही गुरुग्राम व अंबाला की महिला कबड्डी टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के प्रथम स्थान पर रही गुरुग्राम, द्वितीय स्थान पर रही हिसार, तृतीय स्थान पर रही रोहतक व अम्बाला की टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रथम स्थान पर आई टीम को 2 लाख रुपए, द्वितीय को 1 लाख रुपए व तृतीय स्थान पर आने वाली टीमों को क्रमशः 25-25 हजार के पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर खेल विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, महानिदेशक संजीव वर्मा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments