Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsइजरायल ने लिया बड़ा एक्शन, हिजबुल्लाह का टॉप कमांडर आतंकी ढेर

इजरायल ने लिया बड़ा एक्शन, हिजबुल्लाह का टॉप कमांडर आतंकी ढेर

इजरायल ने रविवार देर रात लेबनान की राजधानी बेरूत में एक टारगेटेड एयर स्ट्राइक की, जिसमें हिजबुल्लाह के चीफ ऑफ स्टाफ और टॉप मिलिट्री कमांडर हेथम अली तबाताई की मौत हो गई। यह हमला उस समय हुआ जब दोनों देशों के बीच एक साल से युद्धविराम लागू था, जिससे यह ऑपरेशन और भी असामान्य माना जा रहा है।

IDF ने लिया बड़ा एक्शन

इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) के अनुसार, तबाताई को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में पांच अन्य लोगों की भी मौत हुई। अमेरिका ने तबाताई को 2016 में मोस्ट वॉन्टेड आतंकी घोषित किया था और उस पर 50 लाख डॉलर का इनाम रखा गया था। बता दें कि हमले के कुछ घंटों बाद हिजबुल्लाह ने भी अपने कमांडर की मौत की पुष्टि की।

2023-24 के युद्ध का ‘बचा हुआ बड़ा चेहरा’

2023-24 के इजरायल-हिजबुल्लाह जंग के दौरान इजरायल ने संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं को मार गिराया था। युद्धविराम के बाद तबाताई हिजबुल्लाह उन बचे हुए कुछ चेहरों में से एक था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 1980 के दशक में हिजबुल्लाह में शामिल हुआ था और एलीट राडवान फोर्स का हिस्सा था। उसने सीरिया और यमन में भी कई अहम सैन्य अभियानों का नेतृत्व किया। वरिष्ठ कमांडरों की मौत के बाद तबाताई का रुतबा बढ़ता गया और इसे हिजबुल्लाह का चीफ ऑफ स्टाफ बना दिया गया।

लेबनान में हुआ था जन्म

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, तबाताई का जन्म 1968 में लेबनान में हुआ था। उसके पिता ईरानी मूल के थे और मां लेबनानी थीं। वह हिजबुल्लाह की दूसरी पीढ़ी के लड़ाकों में शामिल था, जिन्हें क्षेत्रीय मोर्चों पर तैनात किया गया था। इजरायल ने इससे पहले भी सीरिया और 2024 में लेबनान में उसे खत्म करने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच निकला था।

हमले में पांच की मौत, 28 घायल

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, यह हमला बेरूत के घनी आबादी वाले इलाके की एक रिहायशी बिल्डिंग पर किया गया। इसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हुई और 28 अन्य घायल हुए। लेबनान के राष्ट्रपति ने इजरायल के इस हमले को युद्धविराम समझौते का उल्लंघन बताया और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की। विश्लेषकों के अनुसार, अगर हिजबुल्लाह इस हमले का जवाब देता है, तो यह लेबनान-इजरायल सीमा पर नए संघर्ष की शुरुआत कर सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments