भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है जिसमें भारत की पहली पारी लड़खड़ाती हुई नजर आई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट गंवाकर 86 रन बनाए। शुभमन गिल 31 रन और ऋषभ पंत 1 रन बनाकर नाबाद हैं।
एक समय भारत का स्कोर 78 रन पर एक विकेट था लेकिन बाद में एक के बाद एक महज 6 रनों पर ही 3 विकेट गंवा दिए। पहले एजाज पटेल ने लगातार दो गेंद पर यशस्वी जायसवाल और मोहम्मद सिराज को आउट किया। फिर विराट कोहली रन आउट हो गए। यशस्वी जायसवाल 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मोहम्मद सिराज खाता तक नहीं खोल सके।

इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 235 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट और वॉशिंगटन सुंदर ने चार विकेट झटके। आकाश दीप को एक विकेट मिला।



