बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने धमकी दी है। पप्पू यादव ने इस बात की शिकायत पूर्णिया रेंज के DIG, SP के साथ ही DGP से भी की है।
UAE के नंबर से आया कॉल
बताया जा रहा है कि पप्पू यादव को UAE के नंबर से कॉल करके धमकी दी गई है। धमकी देने वाला खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बता रहा है। उसने वॉट्सऐप के जरिए कॉल करके जान से मारने की धमकी दी है। धमकी देने वाले का दावा है कि वह लगातार पप्पू यादव के कई ठिकानों की रेकी कर रहा है और उन्हें जान से मार देगा। उसका कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई जेल में जैमर बंद करवाने के लिए एक लाख रुपये प्रति घंटे देकर पप्पू यादव से बात करने की कोशिश कर रहा है लेकिन पप्पू यादव फोन नहीं उठा रहे हैं।
इसके अलावा झारखंड की जेल में बंद गैंगस्टर अमन के करीबी मयंक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पप्पू यादव को धमकी दी है। मयंक सिंह नाम के फेसबुक अकाउंट से 26 अक्टूबर को की गई पोस्ट में लिखा गया है कि अखबारों के जरिए पता चला है कि पिछले दिनों बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव उर्फ राजेश रंजन ने लॉरेंस भाई के बारे में गलत बयानबाजी की थी।
गैंगस्टर के करीबी ने आगे लिखा कि मैं पप्पू यादव से साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि आप अपनी हद में रहकर चुपचाप राजनीति करें, इधर-उधर बहाने बनाकर TRP कमाने के जाल में न फंसें। वरना आपकी जान ले लूंगा। बता दें कि मुंबई में NCP नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पप्पू यादव ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि अगर कानून इजाजत दे तो लॉरेंस बिश्नोई जैसे घटिया अपराधी का पूरा नेटवर्क 24 घंटे के अंदर खत्म कर दूंगा। इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से सलमान खान को लगातार मिल रही धमकियों के बीच पप्पू यादव ने अभिनेता से फोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ हैं।
“मेरे साथ किसी भी तरह की अनहोनी घटना हो सकती है”- पप्पू यादव
वहीं पप्पू यादव ने बिहार पुलिस के DGP को जानकारी देते हुए सुरक्षा की मांग की है। पप्पू यादव ने बताया कि “लॉरेंस का नाम लेकर मुझे धमकी दी गई है। इस बाबत मैंने बिहार के DGP और IG से शिकायत दर्ज कराई है। गृह मंत्री अमित शाह से भी अपनी बात मैंने साझा की है। लगातार मिल रही धमकी से मैं आहत हूं। मेरे साथ किसी भी तरह की अनहोनी घटना हो सकती है। लिहाजा सरकार को मेरी सुरक्षा को लेकर गंभीर होने की जरूरत है।”



