हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनरों का पूरा बकाया अगले 40 दिनों में जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त फ्रंट के राज्य स्तरीय पेंशनर्स दिवस कार्यक्रम में की। उन्होंने कहा कि सरकार अगले तीन से चार महीनों में पेंशनरों के साथ बैठक कर उनकी लंबित मांगों पर विचार करेगी।
2027 तक पूरा एरियर देने का लक्ष्य
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह भी बताया कि 1 जनवरी 2016 से लंबित एरियर पर सरकार बजट से पहले निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि 2027 तक पेंशनरों का पूरा एरियर दे दिया जाए। उन्होंने कहा, “वित्तीय स्थिति पर विचार करते हुए, 2026-27 में भी कुछ राशि जारी करने की कोशिश होगी।” इसके साथ ही CM ने भरोसा दिलाया कि संशोधित ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भी भुगतान किया जाएगा।
घुमारवीं में 69 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
राज्य स्तरीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में 69 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। बता दें कि उनका आगमन एम्स बिलासपुर के हेलीपैड पर हुआ, जहां से वे सड़क मार्ग से घुमारवीं पहुंचे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यहां टिकरी वार्ड में बहुउद्देशीय खेल परिसर की आधारशिला रखी और नवनिर्मित पुलिस थाना भवन का उद्घाटन किया। साथ ही पुलिस कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर का शिलान्यास भी किया गया। शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और खेल एवं आयुष मंत्री अनिरुद्ध सिंह इस अवसर पर मौजूद रहे।
मनरेगा के नाम बदलने पर CM ने कहा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार मनरेगा योजना को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि योजना का नाम बदलना ही मकसद नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीणों की रोजगार गारंटी पर असर पड़ेगा।



