Tuesday, February 10, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsकर्तव्य पथ पर फिर दिखेगा हरियाणा का गौरव, 10 साल बाद दिखेगी...

कर्तव्य पथ पर फिर दिखेगा हरियाणा का गौरव, 10 साल बाद दिखेगी चंडीगढ़ और पंजाब की झांकी

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : इस वर्ष 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर एक बार फिर से हरियाणा का गौरव देखने को मिलेगा। गणतंत्र दिवस के मौके पर पूरा देश कर्तव्य पथ के रास्ते हरियाणा के गौरव, समृद्धि, विरासत और विकास के अलौकिक दृश्य को देखेगा। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत से लेकर आधुनिक हरियाणा की झलक इस बार देखने को मिलेगी। भगवान श्री कृष्ण के गीता ज्ञान से लेकर आधुनिकता के साथ बढ़ता हरियाणा प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही खेलों का पावर हाउस हरियाणा नाम से हरियाणा की झलक भी दिखने वाली है। ये झांकी सूचना जनसंपर्क व भाषा विभाग द्वारा तैयार की गई है।

गीता का उपदेश देते नजर आएंगे श्रीकृष्ण
साल 2025 में गणतंत्र दिवस अवसर पर लगातार चौथी बार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी निकाली जाएगी। हरियाणा की झांकी में प्रदेश की विरासत और प्रगति को दर्शाया जाएगा। इस झांकी में सबसे पहले अर्जुन को गीता का उपदेश दे रहे भगवान कृष्ण दिखाई देंगे। इसमें कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर का दृश्य दिखाई देगा, जहां पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन को महाभारत के समय श्रीमद्भागवत गीता का संदेश दिया था। साथ ही इसके पीछे एक हरियाणवी बैलगाड़ी दिखाई जाएगी, जिसमें चमड़े की जूतियां, सरकंडा शिल्प, चोप, बाग, पंजा दरी, फुलकारी और रेवाड़ी के पीतल बर्तन, सुराही व मिट्टी के बर्तन की झलक देखने को मिलेगी। यह हरियाणा के विकास और शिल्प को प्रदर्शित करेंगे। इसके अलावा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रदेश की हासिल की गई उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा, जिसके लिए झांकी के बीच में एक बुजुर्ग व्यक्ति को लैपटॉप पर काम करते हुए दिखाया जाएगा और उनके पास में एक बच्चा भी दिखाई देगा। इसके माध्यम से तकनीकी के क्षेत्र में की गई प्रगति को दर्शाया जाएगा।

पैरालंपिक खिलाड़ी भी दिखाई देंगे
हरियाणा की ओर ओर से इस बार निकाली जाने वाली झांकी में आखिरी भाग में गुरुग्राम की ऊंची-ऊंची बिल्डिंग दिखाई जाएंगी। इसके ऊपर पांच खिलाड़ी लाइव दिखाई देंगे, जिन्होंने पैरालंपिक में मेडल जीतकर हरियाणा का नाम पूरी दुनिया में उजागर किया है। इसमें योगेश कथुनिया, नितेश कुमार, हरविंदर सिंह, अरुणा और तरुण शामिल हैं। दुनिया में खेले जाने वाले ओलंपिक, पैरालंपिक और अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में देश के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों में हरियाणा का बड़ा योगदान होता है।

हरियाणा की बेटियां बनाएंगी विश्व रिकॉर्ड
गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार देश के वैभव और गौरव से जुड़ी झांकियां तो होंगी ही साथ ही सामूहिक नृत्य में विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी भी है। देश के 5000 कलाकार कर्तव्य पथ पर सामूहिक नृत्य कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराएंगे। इसके लिए संगीतकार शंकर-एहसान-लॉय ने देशभक्ति गीत जयति जय मम भारतम् गीत तैयार किया है। कलाकारों की इस लंबी टीम में हरियाणवी नृत्य को भी शामिल किया गया है। हरियाणवी नृत्य समूह का नेतृत्व रोहतक की कोरियोग्राफर मालविका पंडित कर रही हैं। रोहतक के गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज समेत दो अन्य कॉलेज की 20 छात्राएं भी शामिल होंगी।

‘विकसित भारत के लिए हरियाणा ने कईं मील के पत्थर स्थापित किए’
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा की झांकी के अग्र भाग में कुरुक्षेत्र के पवित्र ज्योतिसर तीर्थ पर महाभारत युद्ध से पूर्व भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने का चित्रण किया गया है। यह वह दिव्य संदेश है जो भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से संपूर्ण मानव जाति को दिया था। यह भारत के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत में हरियाणा के स्थाई योगदान का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि देश की कुल 2 प्रतिशत आबादी और 1.34 प्रतिशत क्षेत्रफल वाला हरियाणा राज्य ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों सहित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के 30 प्रतिशत से अधिक पदकों का योगदान देता है। हरियाणा भौगोलिक दृष्टि से बहुत छोटा राज्य होने के बावजूद देश के उद्योग, कृषि, खेल और विविध प्रकार के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यवसायों के विकास के लिए सदैव अग्रणी पंक्ति में रहता है। हरियाणा राज्य ने भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के स्वप्न को साकार करने के लिए आधारभूत संरचना तैयार करने सहित कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं।

10 साल बाद दिखेगी चंडीगढ़ और पंजाब की झांकी
दिल्ली कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मौके पर इस बार चंडीगढ़ की झांकी दिखने वाली है। इसके लिए राज्य को लिखित में इंफॉर्मेशन दे दी गई है। केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेशन को अपनी झांकी देने के लिए चिह्नित किया गया है। इसके बाद झांकी की तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी गई है। इसका थीम भी फाइनल हो गया है। पंजाब के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि 2025 के गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड में पंजाब की संस्कृति झांकी के जरिए दिखाई जाएगी। केंद्र ने पंजाब एडमिनिस्ट्रेशन को इसकी जानकारी दे दी है। देश के 14 राज्य के साथ ही केंद्रीय प्रशासित प्रदेशों की झांकी इस बार दिखेंगी। इस बार दो केंद्रीय शासित प्रदेशों की झांकी दिखेगी, जिसमें चंडीगढ़ के अलावा दादर नगर हवेली और दमन एंड दीव का नाम शामिल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments