चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा की 15वीं विधानसभा के गठन के बाद घरोंडा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरविंद्र कल्याण को सर्वसम्मति से विधानसभा का अध्यक्ष चुने गए। कल्याण के विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद सत्ता और विपक्ष के नेताओं जहां उनकी नियुक्ति का स्वागत किया। वहीं, सत्ता और विपक्ष दोनों की ओर से कल्याण की कार्यप्रणाली को लेकर उनकी खुलकर तारीफ भी की गई।
जनसेवक के रूप में लंबा अनुभव-मुख्यमंत्री
हरविंद्र कल्याण को हरियाणा विधानसभा का अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सनी ने उम्मीद जताई कि वह अपने विस्तृत अनुभव, अनूठी कार्यशैली, विनम्रता और विवेक जैसे अद्भूत व्यक्तित्व जैसे गुणों से विधानसभा अध्यक्ष के पद की गरिमा को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। सैनी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के पास राजनीतिक और सामाजिक जीवन का लंबा अनुभव है। धरातल से जुड़े होने के कारण उनके पास उच्च स्तर का प्रशासनिक अनुभव है। धरातल से जुड़े होने के कारण वह उच्च स्तर की प्रशासनिक समझ रखते हैं। बीते 10 सालों के दौरान उन्होंने अनेक संसदीय समीतियों में विधाई कामकाज को निष्पक्षता के साथ किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2019 से 2023 की अवधि में हरविंद्र कल्याण लोक लेखा समिति के अध्यक्ष रहे हैं।
इसके अलावा वह अनुमान समिति और स्वामित्व उपकरण समिति के भी अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपनी कार्यकुशलता और निष्पक्ष प्रवृति से सदन की कार्यवाही का संचालन भी प्रभावी रूप से करेंगे। सैनी ने कहा कि नए विधानसभा अध्यक्ष का 30 सालों से भी अधिक समय का एक जवसेवक के रूप में लंबा राजनीतिक अनुभव है। अपने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व उन्होंने जिस लगन के साथ किया है, उसका जीवंत उदाहरण घरोंडा विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिलता है। 2004 में अपने इलाके के 104 गांवों की 375 किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर एक-एक गांव की समस्याओं की जानकारी हासिल की थी। निरंतर अपने क्षेत्र के लोगों के संपर्क में रहने के कारण 2014 से उन्होंने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सदन के अध्यक्ष के तौर पर कल्याण नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
शांत स्वभाव से हल करते हैं समस्या-विज
हरविंद्र कल्याण को निर्विरोध रूप से हरियाणा विधानसभा का अध्यक्ष चुने जाने पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि उन्होंने नए अध्यक्ष को एक लंबे समय से काम करते हुए देखा है। इसलिए वह जानते हैं कि कल्याण हमेशा हर हालात में शांत स्वभाव से हर समस्या को हल कर देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताईर् कि विधानसभा में भी जिस भी प्रकार के विषय उनके सामने आएंगे और उस समय जो भी हालात होंगे, उनका भी वह प्रजातांत्रिक परंपराओं के अनुरूप समाधान निकालेंगे।
सदा कुशल रहा व्यवहार-भूपेंद्र हुड्डा
हरविंद्र कल्याण के निर्विरोध विधानसभा का अध्यक्ष चुने जाने पर सत्ता पक्ष के साथ ही विपक्ष के नेताओं ने भी खुले तौर पर उनकी कार्यप्रणाली की जमकर तारीफ की। कांग्रेस के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि नए विधानसभा अध्यक्ष का व्यवहार हमेशा कुशल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन में इससे भी बढ़कर उनका व्यवहार रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि अध्यक्ष होने के नाते वह सभी सदस्यों को एक समान नजर से देखेंगे।
29 और 40 में बने स्पीकर-रघुबीर कादियान
हरविंद्र कल्याण के विधानसभा अध्यक्ष बनने पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रघुबीर कल्याण ने भी खुले तौर पर तारीफ की। कादियान ने कहा कि उनका नए अध्यक्ष के परिवार से पुराना नाता है, जिस समय कल्याण पढ़ाई किया करते थे, उस समय वह चौधरी देवी सिंह से ताल्लुक रखते है। उन्होंने बताया कि उन्होंने हरविंद्र कल्याण के संस्कार के साथ शिक्षा और विधायक के रूप में सभी कार्य देखे हैं। पीसीसी सदस्यों की नियुक्ति में भी उनकी ओर से कोई भेदभाव नहीं किया गया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष का विधायक होने के बावजूद कल्याण कतो 2029 और 2040 में भी विधानसभा का अध्यक्ष बनने की आशीर्वाद दे डाला।



