टेस्ला के शेयरों में गिरावट बना बड़ा कारण
एलन मस्क की संपत्ति में आई भारी गिरावट का सबसे बड़ा कारण टेस्ला के शेयरों में आई कमजोरी है। पिछले कुछ महीनों में टेस्ला के शेयरों में 23% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली, जिससे मस्क की नेटवर्थ पर बड़ा असर पड़ा। 18 दिसंबर 2024 को उनकी कुल संपत्ति 485 अरब डॉलर थी, जो अब घटकर 385 अरब डॉलर रह गई है। अकेले 22 फरवरी को ही उन्हें 11.9 अरब डॉलर (करीब 10,31,12,60,75,000 रुपये) का नुकसान हुआ।
हर मिनट 8 करोड़ का नुकसान! जानें कैसे
एलन मस्क के कुल नुकसान को अगर दैनिक, घंटे या मिनट के हिसाब से देखें, तो ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं। 75 दिनों में उन्होंने 101 अरब डॉलर यानी 8.75 लाख करोड़ रुपये गंवाए हैं। इसका मतलब यह है कि हर रोज उन्हें 12 हजार करोड़ रुपये, हर घंटे 486 करोड़ रुपये और हर मिनट करीब 8 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति से भी ज्यादा नुकसान
एलन मस्क को जितना नुकसान हुआ है, उतनी तो एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति भी नहीं है। मौजूदा समय में अंबानी की कुल संपत्ति 87.3 अरब डॉलर है, जो मस्क के कुल नुकसान से भी कम है। इतना ही नहीं, मस्क का नुकसान उत्तर प्रदेश के वार्षिक बजट (93 अरब डॉलर) से भी अधिक है।



