महाराष्ट्र में एक बार फिर ‘समंदर’ लौट आया है। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने फडणवीस को मुख्यमंत्री, एकनाथ शिंदे और अजित पवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई। चुनाव में महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद फडणवीस का एक बयान वायरल हुआ था। 2019 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद विधानसभा सत्र के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने शायराना अंदाज में कहा था कि ‘मेरा पानी उतरता देख, मेरे किनारे मत बस जाना। मैं समंदर हूं, लौट कर आऊंगा।’ मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे से काफी खींचतान हुई, लेकिन आखिरकार फडणवीस की जीत हुई।
शपथ समारोह में कौन-कौन शामिल हुआ?
देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान भी शामिल हुए।



