आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है। वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही क्रिकेट जगत में ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ होने वाले मुकाबले को बॉयकॉट करने का फैसला किया है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाना था। पाकिस्तान सरकार ने रविवार, 1 फरवरी को ट्वीट कर इस फैसले की जानकारी दी। पाकिस्तान के इस ट्वीट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पाकिस्तान ने ट्वीट में क्या कहा?
पाकिस्तान ने रविवार को घोषणा की वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बॉयकॉट करेगा। पाकिस्तान सरकार की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया कि,“इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंजूरी देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।”
ICC ने पाकिस्तान को दी चेतावनी
पाकिस्तान के मैच बॉयकॉट के फैसले पर ICC ने रविवार रात करीब 11 बजे कड़ी प्रतिक्रिया दी। ICC ने कहा कि हम (PCB) से आधिकारिक और लिखित संवाद का इंतजार कर रहे हैं। वहीं ICC ने कहा हम पाकिस्तान सरकार के फैसलों का सम्मान करते हैं लेकिन किसी वैश्विक खेल आयोजन में इस तरह की चुनिंदा भागीदारी उस मूल भावना के खिलाफ है जिसके तहत सभी योग्य टीमें तय कार्यक्रम के अनुसार समान शर्तों पर मुकाबला करती हैं। पाकिस्तान का ये फैसला दुनियाभर में क्रिकेट के इकोसिस्टम को प्रभावित कर सकता है। PCB को अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की जरूरत है।
मैच बॉयकॉट करने से पाकिस्तान को क्या नुकसान होगा?
भारत के खिलाफ मैच को लेकर पाकिस्तान ने अपना फैसला सुना दिया है। अगर पाकिस्तान इस मुकाबले में हिस्सा नहीं लेता है, तो उसे कई बड़े नुकसान उठाने पड़ सकते हैं-
1.पाकिस्तान पर ब्रॉडकास्टर की ओर से लगभग 315 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
2. भविष्य के ICC टूर्नामेंट से पाकिस्तानी टीम को बाहर किया जा सकता है।
3.पाकिस्तान को एशिया कप से भी बाहर किया जा सकता है।
4. 2027 में होने वाले मेंस वनडे वर्ल्ड कप से उसकी सदस्यता छीनी जा सकती है।



