चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : पंचकूला में बीजेपी के पंचकमल कार्यालय में हुई भारतीय जनता पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जातिगत जनगणना को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया है। साथ ही, उन्होंने महाराष्ट्र और झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनने का दावा भी किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कांग्रेस 50-55 साल तक सत्ता में रही और देश को कांग्रेस से जो अपेक्षाएं थीं उन से देश वंचित रहा। कांग्रेस के समय में सड़क, गैस, विकास, मेडिकल कॉलेज और शिक्षा का पूरी तरह से अभाव था। उन्होंने कहा कि देश ने लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी को देख लिया है। इसलिए अब देश की जनता ने उन्हें नकार दिया है। ऐसे में 55 साल तक सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस ने जातिगत जनगणना क्यों नहीं करवाई। अब जब जनता ने उन्हें नकार दिया है, तो उन्हें लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह बातें याद आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग जनता को गुमराह कर केवल वोट लेने का काम करते थे। वोट लेने के बावजूद वह पिछड़े, एससी और आमजन हर किसी का शोषण करते थे।
महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के कामों को कोई नकार नहीं सकता। देश में पहली बार कोई सरकार गरीबों के घर में पहुंची है। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीबों की सुध ली है। उनकी कोशिश है कि सरकार की हर योजना हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। सैनी ने कहा कि जिन राज्यों में अन्य दलों की सरकार है। वह केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को अपने प्रदेश की जनता तक नहीं पहुंचने दे रहे। हिमाचल में भी कांग्रेस ने वायदे किए, लेकिन पूरे नहीं किया और जनता का शोषण किया।



