पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने एक आत्मघाती हमला कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के आत्मघाती हमलावरों ने IED से लदी कार का इस्तेमाल कर एक बस को निशाना बनाया, जिसमें पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के जवान सवार थे। हमले के बाद आतंकियों ने RPG (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) से हमला कर स्थिति को और भयावह बना दिया।
हमले का पूरा घटनाक्रम
सूत्रों के अनुसार, यह हमला बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में हुआ, जहां पाकिस्तान सेना का एक काफिला गुजर रहा था। पहले आतंकियों ने IED से लदी एक कार को सुरक्षा बलों की बस के करीब ले जाकर विस्फोट किया। धमाका इतना भीषण था कि बस पूरी तरह से नष्ट हो गई। इसके बाद, हमलावरों ने RPG और भारी गोलाबारी से सैनिकों को निशाना बनाया। इस हमले में कई जवानों के हताहत होने की आशंका है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
BLA ने जारी किया वीडियो
हमले के कुछ घंटों बाद ही बलूच लिबरेशन आर्मी ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में आत्मघाती हमले और RPG अटैक के फुटेज दिखाए गए हैं। BLA का कहना है कि यह हमला पाकिस्तान की सेना के अत्याचारों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तहत किया गया है। संगठन का दावा है कि बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी और सैन्य दमन के खिलाफ यह उनकी जंग का हिस्सा है।



