Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeCurrent NewsBJP प्रत्याशी रेखा शर्मा का राज्यसभा जाना तय, केवल औपचारिक घोषणा बाकी

BJP प्रत्याशी रेखा शर्मा का राज्यसभा जाना तय, केवल औपचारिक घोषणा बाकी

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रेखा शर्मा की जीत तय हो चुकी है। चुनावी मैदान में अकेली होने के कारण अब उनकी जीत की केवल औपचारिक घोषणा होना ही बाकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली, कैबिनेट मंत्री मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बीती 10 दिसंबर को रेखा शर्मा का राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन भरवाया था।

नामांकन के बाद कहीं थी यह बात

अपना नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रेखा शर्मा ने कहा था कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, अमित शाह जी, जेपी नड्डा जी, मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी जी को एक बार फिर से देश की सेवा करने का मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा लाई गई कई पहलों और योजनाओं का भी जिक्र किया था।

सीएम सैनी ने दी एडवांस शुभकामना

रेखा शर्मा के नामांकन दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह7 सैनी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आपकी जीत के लिए अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं। गौरतलब है कि भाजपा ने सोमवार को 20 दिसंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए शर्मा के नाम की घोषणा की थी। वहीं, विपक्ष ने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है।

कृष्ण लाल पंवार ने खाली की थी सीट

90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में, भाजपा को 48 सदस्यों के साथ बहुमत प्राप्त है, कांग्रेस के पास 37 सीटें हैं, इनेलो के पास दो सीटें हैं जबकि तीन निर्दलीय हैं। नायब सिंह सैनी सरकार को निर्दलीयों का भी समर्थन है। बता दें कि हरियाणा में राज्यसभा सीट तब खाली हो गई थी, जब अक्टूबर में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में विधायक के रूप में चुने जाने के बाद भाजपा के कृष्ण लाल पंवार ने अपनी सीट छोड़ दी थी। पंवार अब हरियाणा की भाजपा सरकार में विकास एवं पंचायत मंत्री हैं।

यह है चुनावी प्रक्रिया

बता दें कि आधिकारिक बयान में पहले कहा गया था कि हरियाणा से खाली होने वाली एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए कार्यक्रम 3 दिसंबर को अधिसूचित किया गया था और नामांकन 10 दिसंबर तक दाखिल किए जा सकते थे। नामांकन पत्रों की जांच 11 दिसंबर को रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय द्वारा की जाएगी। नामांकन 13 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक वापस लिए जा सकते हैं। चूंकि अब मैदान में रेखा शर्मा अकेली उम्मीदवार है, ऐसे में अब 20 दिसंबर तक का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसलिए 13 दिसंबर की दोपहर 3 बजे के बाद उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

हरियाणा से यह है राज्यसभा सदस्य

हरियाणा की पांच राज्यसभा सीटों में से सुभाष बराला, राम चंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी भाजपा सदस्य हैं, जबकि रेखा शर्मा का भी निर्विरोध चुना जाना तय है। वहीं, कार्तिकेय शर्मा एक स्वतंत्र सदस्य हैं।

रेखा शर्मा का राजनीतिक करियर ?

साल 1964 में जन्मी रेखा शर्मा ने उत्तराखंड से पॉलिटिकल साइंस की डिग्री लेने के बाद मार्केटिंग और एडवरटाइजिंग में डिप्लोमा किया। हालांकि, इसके बाद उनका करियर सीधे राजनीति को ओर बढ़ निकला। हरियाणा में पंचकूला भाजपा की जिला सेक्रेटरी थीं। साथ ही साथ मीडिया विभाग भी संभाला करती थीं। इसमें उनकी एडवरटाइजिंग की पढ़ाई काफी काम आई। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ष 2015 में उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग का चेयरपर्सन लगाया गया था। जिसके बाद 2018 में उनका कार्यकाल दोबारा बढ़ा दिया गया था। रेखा शर्मा लगभग 9 वर्ष तक राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments