Wednesday, February 11, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsराज्यसभा के लिए BJP प्रत्याशी के तौर पर रेखा शर्मा ने भरा...

राज्यसभा के लिए BJP प्रत्याशी के तौर पर रेखा शर्मा ने भरा नामांकन, CM नायब सैनी भी रहे मौजूद

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी के तौर पर रेखा शर्मा ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली समेत हरियाणा सरकार के तमाम मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। रेखा शर्मा का जीतना तय है, क्योंकि भाजपा के पास जीत के लिए पर्याप्त नंबर हैं। रेखा शर्मा के नाम की घोषणा कर भाजपा ने सबको चौंका दिया था। राज्यसभा के उम्मीदवारों की दौड़ में उनका नाम कहीं नहीं था। वह राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं और कई दशकों से भाजपा से जुड़ी रही हैं।

20 दिसंबर को होगा चुनाव

कृष्ण लाल पंवार के कैबिनेट मंत्री बनने से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए 20 दिसंबर को चुनाव होना है। विधानसभा के चुनाव के दौरान रेखा शर्मा की चर्चा कालका विधानसभा से चुनाव लड़ने की थी, मगर पार्टी ने शक्ति रानी शर्मा को उतारा है। बताया जा रहा है कि दिल्ली से ही उनके नाम पर मुहर लगी है। राज्यसभा के दावेदारों की दौड़ में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पूर्व सांसद संजय भाटिया, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई व पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल शामिल थी।

निर्विरोध चुना जाना तय

रेखा शर्मा का राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना तय है। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के पास 48 विधायक हैं और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी प्राप्त है। उधर, कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारने से मना कर दिया है। उनके पास केवल 37 विधायक हैं। दो दिन पहले ही पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि राज्यसभा के लिए यदि दो सीटें होती तो वह अपना उम्मीदवार जरूर उतारते। यह दूसरा मौका है, जब कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इससे पहले जब किरण चौधरी को राज्यसभा के लिए चुना गया था तो उस दौरान भी कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारा था।

रेखा शर्मा का राजनीतिक करियर?

साल 1964 में जन्मी रेखा शर्मा ने उत्तराखंड से पॉलिटिकल साइंस की डिग्री लेने के बाद मार्केटिंग और एडवरटाइजिंग में डिप्लोमा किया। हालांकि, इसके बाद उनका करियर सीधे राजनीति को ओर बढ़ निकला। हरियाणा में पंचकूला भाजपा की जिला सेक्रेटरी थीं। साथ ही साथ मीडिया विभाग भी संभाला करती थीं। इसमें उनकी एडवरटाइजिंग की पढ़ाई काफी काम आई। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ष 2015 में उन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग का चेयरपर्सन लगाया गया था। जिसके बाद 2018 में उनका कार्यकाल दोबारा बढ़ा दिया गया था। रेखा शर्मा लगभग 9 वर्ष तक राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रही हैं।

पीएम और सीएम का बहुत आभार

नामांकन दाखिल करने के बाद रेखा शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया। रेखा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए अहम कदम उठाए हैं। उनके नेतृत्व में वह भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम करेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments