चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला अपने जन्मदिन के मौके पर आज सुबह अचानक चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री के सरकारी निवास संत कबीर कुटीर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी। मुख्यमंत्री नायब सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का सम्मान करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 में आने का निमंत्रण भी दिया।
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण अलग-अलग समय पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर चुके हैं। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की ओर से लोकसभा अध्यक्ष का समय लेकर उनसे हरियाणा के विधायकों को विधायी कार्यों की जानकारी देने का भी प्रयास किया जा रहा है।



