Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeCurrent Newsकुल्लू में 4 और पैराग्लाइडिंग साइट्स को मंजूरी, उड़ान भरते नजर आएंगे...

कुल्लू में 4 और पैराग्लाइडिंग साइट्स को मंजूरी, उड़ान भरते नजर आएंगे मानव परिंदे

जिला कुल्लू साहसिक खेल गतिविधियों का हब बनता जा रहा है। यहां पैराग्लाइडिंग को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि, जिले में 9 पैराग्लाइडिंग साइटें पहले से ही चल रही हैं। इसी कड़ी में पैराग्लाइडिंग के बेड़े में 4 और साइटें शामिल हो गई हैं। जिससे अब जिले में 13 साइटों से पैराग्लाइडिंग गतिविधियां हो सकेंगी। पर्यटन विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन नई पैराग्लाइडिंग साइटों को मंजूरी मिल गई है, जिसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है और 10 दिनों के भीतर विभाग ने इन नई साइटों में गतिविधियां शुरू करने का दावा किया है।

अधिकारियों की मानें तो बंजार उपमंडल के गड़सा में 2, दियार में एक और जिभी में एक नई साइट अधिसूचित की गई है, जिसके चलते अब देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक इन नई साइटों में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों का लुत्फ उठा सकेंगे।

यहां पहले से चल रही है पैराग्लाइडिंग
उल्लेखनीय है कि जिला के सोलंगनाला, मढ़ी, मझाच, डोभी फालैन, नंगाबाग, रायसन, गड़सा के साथ-साथ जिला मुख्यालय कुल्लू के पीज से लेकर ढालपुर तक पैराग्लाइडिंग साइट अधिकृत की गई है। ऐसे में इन साइटों के अलावा अब 4 और साइटों पर भी साहसिक खेल गतिविधियों का लुत्फ उठाया जा सकेगा। विभाग की मानें तो पैराग्लाइडर पंजीकरण के लिए यहां एसोसिएशन बनाई जाएगी ताकि नियमों के अनुसार पर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जा सके।

बंजार क्षेत्र में पहली साइट
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पैराग्लाइडिंग गतिविधियां केवल कुल्लू-मनाली तक ही संचालित की जा रही थीं और साइटें इन्हीं क्षेत्रों में मौजूद थीं, लेकिन बंजार उपमंडल में जिभी के पास पहली पैराग्लाइडिंग साइट अधिसूचित की गई है, जिसके चलते अब बंजार उपमंडल की ओर जाने वाले पर्यटक पैराग्लाइडिंग गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे। इससे न केवल क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा ने बताया कि जिला कुल्लू में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के लिए 4 नई पैराग्लाइडिंग साइटों को अधिकृत किया गया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है और जल्द ही इन नई साइटों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी।

जिला में 2 महीने बाद आज से शुरू होंगी साहसिक गतिविधियां
पूरे 2 महीने के बाद 16 सितंबर से जिले में साहसिक गतिविधियां शुरू होंगी। 15 जुलाई से 15 सितंबर तक जिले में पैराग्लाइडिंग, राफ्टिंग और रिवर क्रॉसिंग जैसी साहसिक गतिविधियों पर रोक लगी हुई थी। ऐसे में अब राफ्टिंग स्थलों के साथ-साथ पैराग्लाइडिंग स्थलों पर भी पर्यटकों की भीड़ देखने को मिलेगी। ऐसे में पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग से जुड़ी एसोसिएशनों ने कमर कस ली है और सोमवार से साहसिक गतिविधियां करवाने की तैयारी कर ली है। बबेली से रायसन, रायसन से बबेली और बबेली से वैष्णो माता मंदिर के साथ-साथ पिरडी से झिड़ी तक राफ्टिंग करवाई जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments