Thursday, February 5, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedCM नायब सैनी का बड़ा ऐलान, हरियाणा में 2 लाख परिवारों को...

CM नायब सैनी का बड़ा ऐलान, हरियाणा में 2 लाख परिवारों को जल्द मिलेंगे 100 गज के प्लॉट 

एमएच वन ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवासीय भूमि से वंचित 2 लाख योग्य प्रार्थियों को 100-100 वर्ग गज के प्लॉट की सौगात देगी। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। इस योजना ‌के अंतर्गत प्रदेश में 5 लाख लोगों ने प्लॉट के लिए आवेदन किया था। इन सभी योग्य लाभार्थियों को अलग-अलग चरणों में 100-100 वर्ग गज के प्लॉट दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र में गांव उमरी, मथाना, दबखेडा, वडैचपुर और छलौंदी में धन्यवादी दौरे को लेकर आयोजित कार्यक्रमों में बोल रहे थे। सभी गांवों में मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। अनेक स्थानों पर मुख्यमंत्री को सम्मान सूचक पगड़ी पहनाकर तथा फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया। उन्होंने ग्राम पंचायत उमरी, मथाना, दबखेडा, वडैचपुर और छलौंदी की सभी मांगों को पूरा किया और गांव मथाना, दबखेडा, वडैचपुर और छलौंदी को 21-21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

महिलाओं को देंगे 2100 रुपए की राशि

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को 2100 रुपए की राशि देने के अपने चुनावी वायदे को पूरा करने की दिशा में काम करते हुए अधिकारियों को व्यवस्था बनाने के आदेश दिए गए हैं और शीघ्र ही प्रदेश की महिलाओं को यह सौगात दी जाएगी।

सामुदायिक केंद्र की दी सौगात

इस धन्यवादी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव दबखेडा में बड़े सामुदायिक केन्द्र की सौगात देने के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग चौपाल के नवीनीकरण की भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों को हाथ जोड़कर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लाडवा विधानसभा के साथ-साथ प्रदेश में तेज गति के साथ विकास कार्य किए जाएंगे और प्रदेश में सभी सड़कों के नवीनीकरण और मरम्मत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेवारी तय की जाएगी।

तीन गुणा ताकत से होगा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों ने तीसरी बार सरकार बनाकर जो विश्वास और जिम्मेवारी हमें सौंपी है, उस विश्वास को बरकरार रखा जाएगा और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार तीन गुणा ताकत से प्रदेश का विकास करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति को आयुष्मान, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान करने सहित किसानों की फसलों को एमएसपी पर खरीदना, किसानों को समय पर मुआवजा देना और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम किया है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार बनते ही मरीजों को फ्री डायलिसिस की सुविधा दी है।

शपथ लेने से पहले 25 हजार युवाओं को दी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सरकारी नौकरियां बिकती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची सरकारी नौकरियां देने का काम किया। राज्य सरकार ने अपनी चुनावी वायदे को पूरा करते हुए शपथ लेने से पहले एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए एक कलम से 25 हजार युवाओं को बिना सिफारिश के सरकारी नौकरियां देने का काम किया।

कांग्रेस का दोहरा चेहरा सामने आया

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि चुनावों के दौरान कई प्रत्याशियों ने पहले से ही अपने चहेतों को सरकारी नौकरियां देने का आश्वासन दे दिया था, लेकिन प्रदेश की जनता ने विपक्षी दलों को आइना दिखाने का काम किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को नौकरियां न मिले, इसके लिए कांग्रेस पार्टी तो चुनाव आयोग के पास चली गई थी और आचार संहिता के चलते नौकरियों पर रोक लगानी पड़ी। इससे कांग्रेस का युवाओं के प्रति दोहरी नीति का चेहरा भी साफ हो गया है।

कांग्रेस ने गरीबों का निवाला छीनने का किया काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गरीब व्यक्ति का निवाला छीनने का काम किया, जबकि भाजपा सरकार ने गरीबों को उनका हक घर-घर जाकर देने का काम किया। हरियाणा में गरीबों ने ही तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 14 शहरों में 15 हजार 430 लोगों को 30-30 वर्ग गज के प्लाट देने के लिए ऑफर लेटर दिए हैं और बड़े गांवों में 10 हजार लोगों को 50-50 वर्ग गज के प्लाट देने की योजना को अमलीजामा पहनाया है। हरियाणा सरकार ने 1 लाख 80 हजार रुपए से कम आय वाले परिवारों को 500 रुपए में सिलेंडर देने के वायदे को भी पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी नीतियों के कारण वर्ष 2029 में भी भाजपा सरकार बनाएगी और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

जोधपुर वाया सालासर और लाडवा से ज्योतिसर बस सेवा को दी हरी झंडी

नायब सिंह सैनी ने लाडवा बस स्टैंड से लाडवा से जोधपुर वाया सालासर और विद्यार्थियों के लिए लाडवा से ज्योतिसर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि अब लाडवा बस स्टैंड से रोजाना निर्धारित रूट पर बसें चलेगी और लोगों को बस सेवाओं का फायदा मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments