Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeCurrent NewsJammu Kashmir के सोनमर्ग में हिमस्खलन, कई होटलों को पहुंचा नुकसान, 11...

Jammu Kashmir के सोनमर्ग में हिमस्खलन, कई होटलों को पहुंचा नुकसान, 11 जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बीच मंगलवार देर रात हिमस्खलन (एवलांच) की घटना सामने आई। यह एवलांच रात करीब 10:12 बजे मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग रिजॉर्ट इलाके में हुआ। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई होटलों और ढांचों को नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दलों को मौके पर भेज दिया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और एहतियातन संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

11 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKUTDMA) ने पहले ही हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया था। चेतावनी में कश्मीर के गंदरबल, अनंतनाग, बांदीपोरा, बारामूला, कुलगाम और कुपवाड़ा सहित 11 जिलों को शामिल किया गया है। इसके अलावा जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी और रामबन जिलों में भी एवलांच का खतरा बताया गया है।

क्या होता है एवलांच?

एवलांच यानी हिमस्खलन वह स्थिति होती है, जब पहाड़ों पर जमी बर्फ की भारी परत अचानक फिसलकर तेज रफ्तार से नीचे गिरने लगती है। बर्फ की अलग-अलग परतों की मजबूती अलग होती है और जब ऊपर की भारी परत नीचे की कमजोर परत पर टिक नहीं पाती, तो यह टूटकर नीचे की ओर बहने लगती है, जिससे जान-माल को भारी नुकसान हो सकता है।

भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

लगातार बर्फबारी का असर यातायात और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद रहा, जिससे आम लोगों के साथ-साथ इमरजेंसी सेवाओं और सुरक्षाबलों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। श्रीनगर एयरपोर्ट पर हालात और बिगड़ गए, जहां 29 आने वाली और 29 जाने वाली कुल 58 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बर्फबारी के कारण रनवे ऑपरेशन के लिए असुरक्षित हो गया था।

ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित

बर्फबारी के चलते रेल सेवाएं भी बाधित रहीं। बनिहाल और बडगाम के बीच कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गईं। हालांकि ट्रैक साफ होने के कुछ घंटों बाद ट्रेन परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया।

जनता की मदद के लिए कंट्रोल रूम

हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर स्थापित किए हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को तुरंत मदद मिल सके। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की संभावना जताई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments