भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों में इस समय कड़वाहट है। ऐसे में भारत के अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने आज (12 जनवरी) को कहा कि वाशिंगटन के लिए कोई भी देश भारत जितना महत्वपूर्ण नहीं है। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को मजबूत करने के लिए बातचीत जारी है।
ट्रेड डील पर बातचीत जारी – सर्जियो गोर
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भारत और अमेरिका के बीच लगातार ट्रेड डील को लेकर बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि अगली बैठक मंगलवार को होगी। सर्जियो गोर ने बातचीत के दौरान कहा कि ‘‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है। इसलिए इसे अंतिम चरण तक पहुंचाना आसान काम नहीं है, लेकिन हम इसे पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। व्यापार हमारे संबंधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन हम सुरक्षा, आतंकवाद विरोध, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर मिलकर काम करना भी जारी रखेंगे।”

क्या अगले साल भारत आ सकते हैं ट्रंप ?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भारतीय दौरे पर राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि ट्रंप अगले वर्ष 2027 में भारत का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि “यह दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के बीच का अंतरसंबंध है। उनके साथ मेरे डिनर के दौरान, राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत की अपनी पिछली यात्रा और भारत के महान प्रधान मंत्री के साथ अपनी महान मित्रता के बारे में बताया। मुझे उम्मीद है कि राष्ट्रपति जल्द ही हमसे मिलने आएंगे।”



