Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedUttarakhand में बर्फबारी जारी, उत्तरकाशी में तापमान -20 डिग्री तक गिरा, भागीरथी...

Uttarakhand में बर्फबारी जारी, उत्तरकाशी में तापमान -20 डिग्री तक गिरा, भागीरथी नदी जमी

उत्तराखंड में बर्फबारी और शीत लहर का असर लगातार बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन ठंड से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठिठुरन भरी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। शनिवार को देहरादून में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन शाम होते ही आंशिक बादल छा गए और ठंड का असर फिर बढ़ गया। ठंड के कारण मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

पिथौरागढ़ में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार कुमाऊं के मैदानी इलाकों में कोहरे के साथ शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है। पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी दर्ज की गई। नंदा देवी, पंचाचुली, नंदा कोट, राज रंभा, हरदेवल और त्रिशूल सहित आसपास की ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गई हैं।

गंगोत्री में भीषण ठंड, भागीरथी नदी जमी

उत्तरकाशी के गंगोत्री क्षेत्र में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान भी माइनस 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। अत्यधिक ठंड के कारण भागीरथी नदी की जलधारा किनारों से जम गई है, जिससे फिसलन बढ़ गई है और आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। केदारनाथ धाम में हल्की बर्फबारी केदारनाथ धाम सहित आसपास की ऊंची चोटियों पर दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। लगातार दूसरे दिन हिमपात के चलते क्षेत्र में शीत लहर और तेज हो गई है। वहीं, निचले इलाकों और रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय में बादलों के बीच चटख धूप खिली रही। मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों की रफ्तार धीमी रही। देहरादून हवाई अड्डे पर जयपुर, मुंबई, अहमदाबाद और भुवनेश्वर समेत करीब 10 उड़ानें तय समय से देरी से पहुंचीं।

आज भी घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनने की भी संभावना जताई गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments