Saturday, February 7, 2026
Google search engine
HomeUncategorized नए साल की पहली सुबह आस्था के नाम, देशभर के मंदिरों में...

 नए साल की पहली सुबह आस्था के नाम, देशभर के मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब

पूरा देश नए साल के जश्न में डूबा नजर आया। नए वर्ष की पहली सुबह को देश के अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। काशी, उज्जैन, अयोध्या, देवघर सहित देशभर के प्रमुख मंदिरों में भगवान के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने नए साल की शुरुआत पूजा-अर्चना, दर्शन और आरती के साथ की।

उज्जैन: भस्म आरती के साथ नए साल की अलौकिक शुरुआत

उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में नए साल की शुरुआत पारंपरिक और अलौकिक भस्म आरती के साथ हुई। सुबह करीब 4 बजे बाबा महाकाल का विशेष पूजन-अर्चन, पंचामृत अभिषेक और भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के बीच भस्म आरती संपन्न हुई। पूरे मंदिर परिसर में “जय श्री महाकाल” के जयघोष गूंजते रहे। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने नए साल के पहले दिन बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

महिला क्रिकेट टीम भी भस्म आरती में शामिल

भस्म आरती की खास बात यह रही कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 9 सदस्यीय टीम भी इसमें शामिल हुई। टीम की खिलाड़ियों में स्मृति मंदाना, अरूणदति रेड्डी, शैफाली वर्मा, स्नेह राणा, प्रियंका पाटिल, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, प्रज्ञा रावत और नैंसी पटेल के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर नए साल के लिए मंगलकामनाएं कीं।

पुजारी ने बताई भस्म आरती की महत्ता

महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि पौष शुक्ल त्रयोदशी के अवसर पर बाबा का पंचामृत स्नान कराया गया, जिसमें दूध, दही, घी, शक्कर और शहद का उपयोग किया गया। इसके बाद चंदन का लेप, सुगंधित द्रव्यों से पूजन और भांग से शृंगार किया गया। मान्यता है कि भस्म आरती के दर्शन मात्र से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

अयोध्या: रामलला के दर्शन को उमड़ी लंबी कतारें

भगवान राम की नगरी अयोध्या में नए साल के पहले दिन रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालु “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ प्रभु राम का आशीर्वाद लेते नजर आए।

वाराणसी: अस्सी घाट पर भव्य गंगा आरती

काशी में नए साल की पहली सुबह आध्यात्मिक उल्लास से भरी रही। वाराणसी के अस्सी घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में भाग लिया। घाटों पर दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

देवघर: बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक

झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में भी हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए। श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ से नए साल में सुख-समृद्धि की कामना की।

सिद्धिविनायक और खाटू श्याम में भी श्रद्धालुओं का सैलाब

महाराष्ट्र में मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइनें लगी रहीं। वहीं राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। 1 जनवरी को खाटू श्याम मंदिर में VIP दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद रखी गई और सभी भक्तों को सामान्य कतार में दर्शन कराए गए।

आस्था के साथ नए साल का आगाज़

देशभर के धार्मिक स्थलों पर उमड़ी भीड़ ने यह साफ कर दिया कि नए साल की शुरुआत लोगों ने आस्था, विश्वास और भक्ति के साथ की। मंदिरों में गूंजते जयकारे और भक्तों की श्रद्धा ने नए वर्ष की पहली सुबह को यादगार बना दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments