दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के बाहरी इलाके में रविवार देर रात एक बार (टैवर्न) में हुई अंधाधुंध फायरिंग में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना इस महीने देश में हुई दूसरी बड़ी गोलीबारी की वारदात है।
यह हमला जोहान्सबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बेकरसडाल इलाके में हुआ, जो एक सोना खनन क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। घटना रात करीब 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या 10 बताई गई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने इसकी पुष्टि 9 मौतों के रूप में की।
पुलिस ने दिया ये बयान
पुलिस के मुताबिक, दो गाड़ियों में सवार करीब एक दर्जन हमलावर टैवर्न में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इतना ही नहीं, हमलावर भागते समय भी आसपास फायरिंग करते रहे। मृतकों में एक ऑनलाइन कैब सेवा का ड्राइवर भी शामिल है, जो उस समय बार के बाहर खड़ा था। यह जानकारी प्रांतीय पुलिस आयुक्त मेजर जनरल फ्रेड केकाना ने SABC टीवी चैनल को दी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास सॉल्सविल टाउनशिप में एक हॉस्टल पर गोलीबारी की गई थी, जिसमें तीन साल के एक बच्चे समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि वह जगह अवैध रूप से शराब बेचने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी।
दक्षिण अफ्रीका में भले ही हथियार कानून सख्त हों और कई लोग लाइसेंस के तहत हथियार रखते हों, लेकिन इसके बावजूद देश में अवैध हथियारों की संख्या काफी अधिक बताई जाती है, जो ऐसी घटनाओं की एक बड़ी वजह मानी जाती है।
यह भी पढ़ें : न्यूजीलैंड में सिख समुदाय के नगर कीर्तन का विरोध, प्रदर्शनकारियों ने रास्ता रोकक…



