Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeCurrent News27 साल बाद दिल्ली में BJP की सरकार, PM मोदी बोले– ‘जनता...

27 साल बाद दिल्ली में BJP की सरकार, PM मोदी बोले– ‘जनता का कर्ज विकास से चुकाएंगे’

दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 27 साल के लंबे इंतजार के बाद बीजेपी ने दिल्ली में प्रचंड बहुमत हासिल किया, जिसके बाद पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मना रहे हैं। इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

दिल्ली ने खुलकर प्यार दिया- PM मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ और ‘यमुना मैया की जय’ के उद्घोष से की। उन्होंने कहा, “आज दिल्ली के लोगों में उत्साह और सुकून है। दिल्ली आपदा मुक्त हुई। मैंने दिल्लीवासियों से प्रार्थना की थी कि बीजेपी को सेवा का अवसर दीजिए। मैं दिल्ली के हर परिवार को ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा करने के लिए नमन करता हूं। दिल्ली ने हमें खुलकर प्यार दिया है और हम इस कर्ज को तेजी से विकास करके चुकाएंगे।”

Image

उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव से पहले उन्होंने दिल्ली के हर मतदाता को एक पत्र भेजा था, जिसमें बीजेपी के विजन और वादों का जिक्र था। उन्होंने कहा, “दिल्ली को विकसित भारत की राजधानी बनाने के लिए जनता ने हमें चुना। यह जनादेश विकास और सुशासन के लिए मिला है, और हम हर दिल्लीवासी की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।”

दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं, मिनी हिंदुस्तान है

पीएम मोदी ने दिल्ली की बहुसांस्कृतिक पहचान को रेखांकित करते हुए कहा, “दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि मिनी हिंदुस्तान है। यह विविधताओं से भरे भारत का लघु रूप है। आज इसी विविधता वाली दिल्ली ने बीजेपी को ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हर भाषा, हर राज्य और हर समुदाय के लोगों ने कमल के निशान पर बटन दबाया है।”

Image

प्रधानमंत्री ने पूर्वांचल के लोगों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा, “मैं जहां भी गया, गर्व से कहता था कि मैं पूर्वांचल से सांसद हूं। दिल्ली के पूर्वांचली भाइयों-बहनों ने इस रिश्ते को नई ताकत दी है। हम दिल्ली को आधुनिक और विकसित शहर बनाएंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे लंबे समय से आम आदमी पार्टी (AAP) की नीतियों और भ्रष्टाचार से दुखी थे, और अब दिल्ली की जनता ने खुद को इस “आपदा” से मुक्त कर लिया है।

कांग्रेस पर कड़ा हमला: ‘परजीवी पार्टी’ बताया

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने दिल्ली में जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। लगातार तीन चुनावों से कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पा रहा है। जनता कांग्रेस पर भरोसा करने को तैयार नहीं है।”

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने इसे “परजीवी पार्टी” करार दिया और कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगियों के मुद्दों को चुराकर उनके वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश करती है।


अयोध्या के मिल्कीपुर में बीजेपी की जीत पर खुशी

पीएम मोदी ने अयोध्या के मिल्कीपुर में बीजेपी की शानदार जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “देश की जनता अब तुष्टिकरण की राजनीति को नकार चुकी है और ‘बीजेपी के संतुष्टिकरण’ की राजनीति को अपना रही है।”

इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “एक समय था जब यूपी की कानून-व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती हुआ करती थी। दिमागी बुखार का कहर बरपता था, लेकिन हमने इसे खत्म करने के लिए संकल्प के साथ काम किया और आज यूपी में सुशासन की मिसाल कायम की है।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments