Friday, February 6, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedअनिल विज की नाराजगी पर कांग्रेस विधायक अरोड़ा की सरकार को नसीहत

अनिल विज की नाराजगी पर कांग्रेस विधायक अरोड़ा की सरकार को नसीहत

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा, श्रम व परिवहन मंत्री अनिल विज की ओर से सरकार के 100 दिन पूरे होने पर अपनी ही प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किए जाने के बाद अब विपक्ष की ओर से भी सरकार पर सवाल उठाए जाने लगे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के दिग्गज नेता और विधायक अशोक अरोड़ा ने अनिल विज की नाराजगी और सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले प्रदेश के बजट को लेकर सूबे की नायब सरकार को नसीहत दी गई है।

“अधिकारियों को सख्त निर्देश देने चाहिए”

कैबिनेट मंत्री अनिल विज की ओर से अधिकारियों पर मंत्रियों और विधायकों की बात नहीं सुनने का आरोप लगाए जाने पर कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि पिछले काफी समय से यह चल रहा था कि अधिकारियों की ज्यादा सुनी जाती है। आरोप लगाए जा रहे थे कि अधिकारी कार्यकर्ताओं और विधायकों की नहीं सुनते। परंतु अब तो मंत्री भी आरोप लगा रहे हैं कि अधिकारी किसी की नहीं सुनते। अरोड़ा ने कहा कि प्रजातंत्र में जनता की सरकार होती है और मुख्यमंत्री को जनता के चुने प्रतिनिधियों का सम्मान हो, इसके लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश देने चाहिए।

“जांच करवाकर होनी चाहिए सख्त कार्रवाई”

सरकार के 100 दिन पूरे होने पर अनिल विज की ओर से एक बार फिर से चुनाव में उन्हें हरवाने और जान से मारने की साजिश के आरोप लगाए जाने पर अशोक अरोड़ा ने कहा कि विधानसभा के पहले सत्र में भी उनकी ओर से स्पीकर को कहा गया था कि अनिल विज की ओर से लगाए गए आरोप एक गंभीर मसला है। इसलिए इस पर सरकार को संज्ञान लेते हुए गंभीरता से जांच करवानी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्ऱवाई करनी चाहिए, लेकिन उस समय मुख्यमंत्री ने खुद देख लेने की बात कही थी।

“जीएसपी और वैट में कमी करें सरकार”

केंद्र सरकार के बजट को महज कुछ लोगों तक सीमित बताते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा का बजट भी लगातार बढ़ रहा है। जब भी बजट बढ़ता है तो टैक्स कलेक्शन भी बढ़ता है। अब चूंकि सरकार का बजट और टैक्स कलेक्शन लगातार बढ़ रहा है तो सरकार को जीएसटी और वैट की दरों में कमी कर लोगों को राहत देने का काम करना चाहिए।

“सिंबल पर लड़ेंगे निगम चुनाव”

निकाय चुनाव को लेकर अशोक अरोड़ा ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस की ओर से हरियाणा में नगर निगम के चुनाव पार्टी के निशान पर लड़ा जाएगा। नगर परिषद और नगर पालिका को लेकर जल्द ही पार्टी की मीटिंग में फैसला ले लिया जाएगा। पार्टी की ओर से हर जिले में कंवीनर नियुक्त कर दिए गए हैं साथ ही चुनाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं की भी ड्यूटी लगाई गई है।

“नशे के कारण बढ़ रहा अपराध”

कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने प्रदेश में अपराधिक गतिविधियां बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र जैसे शांतिप्रिय शहर में दिन दिहाड़े व्यापारी से लूट हो जाती है और कोई कार्रवाई नहीं की जाती। हरियाणा में लगातार नशा बढ़ने के कारण ही अपराध बढ़ रहा है। इसलिए सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments