Sunday, February 8, 2026
Google search engine
HomeBusiness50% से सीधे 18% पर आया अमेरिकी टैरिफ, PM मोदी से फोन...

50% से सीधे 18% पर आया अमेरिकी टैरिफ, PM मोदी से फोन पर बात के बाद ट्रंप ने किया India-US ट्रेड डील का ऐलान

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी ट्रेड डील पर आखिरकार सहमति बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को हुई फोन पर बातचीत के बाद इस बड़े व्यापार समझौते का ऐलान किया गया। खुद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी और PM मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने बताया कि तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील पर सहमति बन गई है, जिसके तहत भारत पर लगाए गए अमेरिकी टैरिफ में बड़ी कटौती की गई है। अब भारत पर 25% नहीं, बल्कि सिर्फ 18% टैरिफ लागू होगा।

‘हमने घटाया टैरिफ, भारत भी उठाएगा कदम’

डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मित्र बताते हुए लिखा कि उनके अनुरोध और आपसी सम्मान के चलते यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया है और बदले में भारत भी अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

50% से 18%… असल तस्वीर क्या है?

हालांकि ट्रंप ने टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने की बात कही, लेकिन भारत पर फिलहाल 50% अमेरिकी टैरिफ लागू था। दरअसल, पहले अमेरिका ने भारत पर 25% टैरिफ लगाया था, जिसे बाद में रूस से तेल खरीद को लेकर दोगुना कर 50% कर दिया गया था। इस असमंजस को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने साफ किया। उन्होंने ट्रंप-मोदी बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि भारत पर फाइनल अमेरिकी टैरिफ 18% ही होगा। हालांकि पेपरवर्क और तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण इसमें थोड़ा समय लग सकता है। साथ ही यह भी संकेत दिया गया कि भारत का रूस को लेकर रुख इस डील में अहम भूमिका निभाएगा।

रूसी तेल पर भी हुई बात

टैरिफ कट के साथ-साथ रूस से तेल खरीद का मुद्दा भी बातचीत का अहम हिस्सा रहा। ट्रंप ने दावा किया कि भारत रूस से तेल की खरीद कम करेगा और बदले में अमेरिका व संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल-गैस खरीदेगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता सिर्फ व्यापार नहीं, बल्कि ऊर्जा, भू-राजनीति और वैश्विक सुरक्षा से भी जुड़ा है।

अमेरिका को 500 अरब डॉलर की खरीदारी की उम्मीद

ट्रंप ने कहा कि इस ट्रेड डील के तहत Buy American नीति को बढ़ावा मिलेगा। अमेरिका को उम्मीद है कि भारत आने वाले समय में 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, तकनीक, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य वस्तुएं खरीदेगा।

ट्रंप की पोस्ट पर PM मोदी का जवाब

डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके खुशी हुई और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर 18% टैरिफ लगाने के फैसले के लिए 1.4 अरब भारतीयों की ओर से धन्यवाद दिया। PM मोदी ने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो अपार अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व की भी सराहना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments